बहुत बार ऐसा भी होता है कि आप अपने पैन कार्ड में कुछ सुधार कराना चाहते हैं। जैसे- नाम, जन्म तिथि, पिता का नाम, अपना फोटो या फिर अपने साइन। आप ये सभी करेक्शन करा सकते हैं।
पर सुधार होगा कैसे?
हमें लगता है कि पैन कार्ड में सुधार के लिए, आपको कुछ बातें समझ लेनी चाहियें।
पैन कार्ड में कुछ करेक्शन तो आसानी से कराए जा सकते हैं। जबकि कुछ करेक्शन्स के लिए थोड़ी मेहनत करनी पड़ती है।
मतलब?
मतलब ये, कि अगर आप अपनी जन्मतिथि, नाम की मामूली स्पेलिंग, फ़ोटो, हस्ताक्षर बदलवाना चाहते हों, तो बड़ी आसानी से करा सकते हैं।
करेक्शन कराने के लिए बस, आपको करेक्शन से संबंधित दस्तावेज करेक्शन फॉर्म के साथ लगाने होंगे।
तो फिर मुश्किल क्या है?
भई दुनिया में सब इतना आसान होता तो क्या बात थी!! अगर आपको अपने पैन कार्ड में अपना नाम (पूरी तरह) बदलना हो, अपना सरनेम बदलना हो, या फिर अपने पिता का नाम बदलना हो तो यह काफी मुश्किल हो सकता है, क्योंकि ये सब ठीक कराने के लिए आपको करेक्शन फार्म और संबंधित कागज़ों के अलावा एक फॉर्म और देना होता है, जिसे “Annexure – A” कहते हैं। बस यूं समझ लीजिए कि इसी में थोड़ी सी दिक्कत है।
असल में ये जो फार्म यानी “ऐनेक्सर-ए” है ना, गजेटेड अफसर से अटेस्ट भी कराना होता है और इसके साथ, इस फॉर्म को अटेस्ट करने वाले गजेटेड अफसर का दफ्तर के पहचान-पत्र की फोटोकॉपी उसके साइन के साथ लगानी होती है। अगर आपके लिये गजेटेड अफसर से अटेस्ट कराने के साथ-साथ उस अफसर का दफ्तर का Id Card लेना मुश्किल नहीं है, तो फिर आपके पैन कार्ड में आप ये सुधार भी करा सकते हैं।
ठीक है, पर करना क्या होगा?
• पैन कार्ड में सुधार कराने के लिए, आपको पैन कार्ड का करेक्शन फॉर्म भरना है।
• जो करेक्शन आप कराना चाहते हैं, उससे संबंधित कागज़ात लगाने हैं। कौनसा कागज़ लगाना है, ये जानने के लिए इस पोस्ट को पढ़ें
• अगर ज़रूरी हो तो “ऐनेक्सचर-ए” फार्म गजेटेड अफसर से अटेस्ट कराकर (अटेस्ट करने वाले अफसर के दफ्तर वाले पहचान-पत्र के साथ)
• पुराना पैन कार्ड की कॉपी या फिर ITR की कॉपी (जरूरी नहीं है, लेकिन अगर आपके पास ये है, तो ज़रूर लगाएं)
